बिहार : आभूषण दुकान लूटकर भाग रहे 2 लुटेरे मुठभेड़ में ढेर

कटिहार, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र के एक आभूषण दुकान में लूट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ में मारा गिराया, वहीं दो लुटेरे घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

कटिहार नगर थाना के पुलिस निरीक्षक (इंसपेक्टर) निर्मल कुमार ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि झा मार्किट स्थित पी़ क़े ज्वेलर्स में बुधवार की रात छह से सात की संख्या में आए लुटेरों ने लूटपाट की थी। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए सभी इलाकों में वाहनों की तलाशी अभियान शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान कुर्सेला के भवानीपुर टॉवर चौक के समीप पुलिस को देख भाग रहे लुटेरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कारवाई की। मुठभेड़ में गोली लगने से दो लुटेरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लुटेरे घायल हो गए।

पुलिस निरीक्षक ने आगे बताया कि मृतकों की पहचान रसलपुर गांव का राहुल कुमार और गेड़ाबाड़ी गांव के रहने वाले संजीत महतो के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि इनके पास से लूट का 10 किलोग्राम चांदी और सोना भी बरामद कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि इनके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493