मुजफ्फरपुर, 17 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर तथा आसपास के जिलों में एक्यूट इंसेफलाइटिस सिन्ड्रोम (एईएस) का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुजफ्फरपुर में बुधवार को एईएस से पीड़ित दो बच्चों की मौत होने के बाद इस वर्ष इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 15 हो गई है।
मुजफ्फरपुर के सिविल सर्जन डॉ. ज्ञानभूषण ने बताया कि श्रीकृष्ण मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इस बीमारी से पीड़ित दो बच्चों की मौत बुधवार को हो गई है। उन्होंने बताया कि अबतक मुजफ्फरपुर के अस्पतालों में करीब 40 बीमार बच्चों को इलाज के लिए भर्ती कराया जा चुका है, जिसमें से 15 की मौत हो चुकी है।
एसकेएमसीएच के शिशु रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ़ ब्रजमोहन ने बताया कि यह बीमारी मुख्य रूप से बच्चों में होती है। उन्होंने बताया कि एईएस की समुचित जांच और इलाज की व्यवस्था एसकेएमसीएच में है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष गर्मी के मौसम में यह बीमारी कहर ढाती है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष मुजफ्फरपुर जिले में एईएस से 100 से ज्यादा बच्चों की मौत हुई थी।
dharmpath.com dharmpath