हाजीपुर, 30 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में चोरों ने रविवार की रात एक प्राचीन मंदिर से अष्टधातु की एक कीमती मूर्ति चोरी कर फरार हो गए। चोरी गई मूर्ति की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सराय स्थित प्राचीन ठाकुरबाड़ी से चोरों ने दरवाजा का ताला तोड़कर अष्टधातु की बनी भगवान श्रीराम की बेशकीमती मूर्ति चुरा ली। चोरी गई मूर्ति का वजन आठ किलोग्राम से ज्यादा बताया जा रहा है। ठाकुरबाड़ी में सीता और लक्ष्मण की मूर्ति भी हैं, लेकिन पीतल का होने के कारण उसे छोड़ दिया गया।
सराय के थाना प्रभारी शाहनवाज खान ने सोमवार को बताया कि सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो मूर्ति चोरी की घटना की जानकारी लोगों को हुई।
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति के सचिव मनोरंजन साह के बयान के आधार पर सराय थाने में चोरी की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर ही है। खान ने बताया कि मुजफ्फरपुर से श्वान दस्ते को भी बुलाया गया है।
उल्लेखनीय है 24 जनवरी को गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक प्राचीन मंदिर से चोर अष्टधातु की कुछ मूर्तियों सहित कुल 11 मूर्तियां चुरा ले गए थे।
dharmpath.com dharmpath