बिहार के विकास में अमेरिका की दिलचस्पी : जस्टर

पटना, 24 मार्च (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत केनेथ आई़ जस्टर ने शनिवार को बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पटना में मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में अमेरिका की पूरी दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि यहां की गौरवमय ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत से वे बहुत प्रभावित हैं।

अपनी दो दिवसीय बिहार यात्रा के दूसरे दिन जस्टर ने राज्यपाल मलिक से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने बिहार के गौरवमय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक इतिहास के बारे में अमेरिकी राजदूत को अवगत कराया। राज्यपाल ने बताया कि भारत का स्वर्णयुग का इतिहास वस्तुत: बिहार का ही इतिहास है।

राज्यपाल ने बोधगया, पावापुरी, राजगीर, नालंदा, विक्रमशिला एवं वैशाली आदि के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक महत्व के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि विश्व के प्रथम गणतंत्र की भूमि वैशाली बिहार में ही है।

इस क्रम में जस्टर ने कहा कि आगे भी वे इस प्रदेश की यात्रा पर आते रहेंगे। राजदूत ने नवनिर्मित पटना संग्रहालय की भी प्रशंसा की।

इससे पूर्व, जस्टर ने मुख्यमंत्री आवास जाकर नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अमेरिकी राजदूत को बिहार में हो रहे विकास कार्यो, सात निश्चय योजना के बारे में विस्तृत रूप से बताया। अमेरिकी राजदूत ने बिहार में चल रहे विकास कार्यो की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने भारत में अमेरिका के राजदूत को चम्पारण सत्याग्रह अंगवस्त्र एवं अशोक स्तम्भ प्रतीक चिह्न् भेंट कर सम्मानित किया। अमेरिकी राजदूत ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपहार भेंट किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493