पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार अब उत्पाद विभाग के जवानों को मोटसाइकिल से लैस करने जा रही है। विभाग के जवान अब शराब पकड़ने के लिए मोटरसाइकिल से गश्त करेंगे।
बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि विभाग के लोग चारपहिया वाहन से सड़कों पर तो गश्त कर लेते थे, लेकिन गांव की पगडंडियों और गलियों में जाने में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि राज्य में 194 मोटरसाइकिलों से उत्पाद विभाग के जवान गली और पगडंडियों पर भी गश्त करेंगे।
बिहार में अप्रैल से ही शराबबंदी लागू है। इस सिलसिले में पिछले चार महीने के दौरान 13 हजार से ज्यादा लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में उत्पाद कानून के उल्लंघन के आरोप में अप्रैल माह से अब तक 13,839 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां अगस्त महीने में 4,167 लोगों की हुई, जबकि सबसे कम 1,281 लोग अप्रैल में गिरफ्तार हुए थे।
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के आयुक्त ए़ क़े दास ने बताया कि शराबबंदी के बाद बिहार में बड़े पैमाने पर उत्पाद विभाग और बिहार पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अप्रैल से अगस्त महीने तक पूरे बिहार में कुल 85,171 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 11,679 लीटर विदेशी शराब, 92,291़ 47 लीटर देशी शराब, 26524़26 लीटर स्प्रीट, 9763़99 लीटर बीयर के अलावा देशी शराब बनाने के सामान बरामद किए गए।
उल्लेखनीय है कि बिहार में अप्रैल महीने से शराब पर प्रतिबंध है। पिछले दिनों गोपालगंज जिले में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath