पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई नस्लीय टिप्पणी के बाद बिहार के कांग्रेसी भड़क उठे। प्रदेश के सभी जिलों में गुरुवार को कांग्रेस की जिला इकाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गिरिराज सिंह का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस की पटना जिला और ग्रामीण इकाई के नेताओं ने कारगिल चौक पर गिरिराज सिंह का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं युवा कांग्रेस के नेताओं ने भी पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गिरिराज सिंह और अश्विनी चौबे का पुतला फूंका।
प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने डाकबंगला चौराहे पर पुतला फूंकते हुए केंद्र की भाजपा सरकार के मंत्रियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमिता भूषण ने कहा कि भाजपा के सरकार में आते ही उनका (गिरिराज) असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की।
भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया सहित राज्य के विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं ने गिरिराज सिंह का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को हाजीपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए कहा था कि अगर सोनिया गांधी गोरी नहीं होतीं तो कांग्रेस उन्हें अपना अध्यक्ष स्वीकार नहीं करती। बयान पर विरोध होने के बाद गिरिराज सिंह ने खेद जताया था।
dharmpath.com dharmpath