बिहार चुनाव : भाकपा की पहली सूची में 81 उम्मीदवार

पटना, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। वामपंथी दलों के मोर्चे में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में 81 सीटों पर प्रत्याशी के नाम घोषित किए गए हैं।

प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए पार्टी के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने कहा कि इस चुनाव में उन सभी कार्यकर्ताओं को टिकट दिया गया है जो लोगों की पसंद हैं।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बिहार की जनता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और सत्ताधारी गठबंधन (जनता दल (युनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल व कांग्रेस) को दरकिनार कर जनता के सवालों पर चुनाव मैदान में उतरे संयुक्त वाम मोर्चा के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करेगी। उनका दावा है कि वाम मोर्चा में भाकपा सबसे बड़ी पार्टी है।

सिंह ने कहा कि 21 सितम्बर तक अन्य सीटों के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस चुनाव में छह वामदलों ने राज्य के सभी 243 विधानसभा सीटों पर संयुक्त प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है। वामदलों के नेताओं की छह बैठकों के बाद 221 सीटों का बंटवारा कर लिया गया है, इसमें भाकपा 91, भाकपा (माले) 78, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 38, एसयूसीआई 6, फारवर्ड ब्लक 5 और आरएसपी को 3 सीटें मिली हैं। शेष सीट के बंटवारे को लेकर बैठकों का दौर जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493