बिहार चुनाव : रालोसपा की पहली सूची जारी

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंध (राजग) में शामिल उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को 17 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।

रालोसपा ने रविवार को जारी की गई भाजपा की तीसरी सूची पर असंतोष भी प्रकट किया।

पार्टी प्रमुख कुशवाहा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “भाजपा की तीसरी सूची पर मुझे कड़ी आपत्ति है। हमें अंधकार में रख मुजफ्फरपुर जिले की मीनापुर सीट के लिए टिकट भाजपा विधायक के परिवार के एक सदस्य को आवंटित कर दिया गया।”

भाजपा की तीसरी सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिनमें मीनापुर से अजय कुशवाहा का नाम है।

पिछले विधानसभा चुनाव में मीनापुर से दिनेश कुशवाहा जनता दल (युनाइटेड) के टिकट पर चुनाव जीते थे। इसी साल अगस्त में जदयू छोड़कर वह भाजपा में शामिल हो गए।

रालोसपा प्रमुख ने कहा, “इस सीट का टिकट हम अपने एक संस्थापक सदस्य के लिए चाहते थे, लेकिन साफतौर पर कह दिया गया कि अगर टिकट मौजूदा विधायक को दिया गया तो रालोसपा को इससे कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। भाजपा नेतृत्व ने हमें आश्वस्त किया था कि टिकट सिर्फ मौजूदा विधायक को दिया जाएगा, लेकिन दे दिया गया विधायक के परिवार के एक सदस्य को।”

केंद्र सरकार में मंत्री कुशवाहा ने कहा कि वह जल्द ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलेंगे और इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

रालोसपा ने चेनारी से ललन पासवान को, कुर्था से अशोक वर्मा को धमदाहा से एस.एस. ठाकुर को होशियारपुर से वैद्यनाथ कुशवाहा को डुमरांव से राम बिहारी सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।

राजग के घटक दलों के बीच सीटों को लेकर हुए करार के तहत रालोसपा को 23 सीटें दी गई हैं।

भाजपा ने अपने पास 160 सीटें रखी हैं, राम विलास पासवान की जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 40 और जीतनराम मांझी के हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को 20 सीटें दी हैं।

243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए पांच चरणों में मतदान 12 अक्टूबर से शुरू होगा जो 5 नवंबर तक चलेगा। मतगणना 8 नवंबर को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493