बिहार चुनाव : लोजपा ने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की

नई दिल्ली, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है।

लोजपा सांसद चिराग पासवान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “लोजपा संसदीय बोर्ड ने 29 सीटों के लिए उम्मीदवार तय किए हैं, लेकिन हम 12 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर रहे हैं, जिन पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी घटक दल सहमत हैं।”

लोजपा की बिहार इकाई के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस आलौली से चुनाव लड़ेंगे, जबकि अमर सिंह कुशवाहा नाथनगर से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

एक और पासवान परिवार के सदस्य राजकुमार राज को कल्याणपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।

इस सूची में विभूतिपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से रमेश सिंह, चेरिया बरियारपुर विधानसभा से अनिल चौधरी, सिकंदरा (अनुसूचित जाति) से सुभाष चंद्र बोस, जमालपुर से इंजीनियर हिमांशु राज, फतुहा से सतेंद्र सिंह, गोविन्दगंज से राजू तिवारी, त्रिवेणीगंज (अनुसूचित जाति) से विजय पासवान, सोनबरसा (अनुसूचित जाति) से सरिता पासवान और सिमरी बख्तियारपुर से मोहम्मद यूसुफ खान के नाम शामिल हैं।

उल्लेखनीय है 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में भाजपा 160 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, लोक जनशक्ति पार्टी 40 सीटों पर, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) 20 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (लोसपा) 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बिहार विधानसभा के चुनाव पांच चरणों में 12 अक्टूबर से पांच नवम्बर के बीच होंगे। वोटों की गिनती आठ नवंबर को होगी।

चुनाव के प्रथम चरण की अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493