बिहार : छात्र की हत्या का आरोपी जद (यू) एमएलसी का बेटा रॉकी गिरफ्तार

गया, 10 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया में छात्र आदित्य सचदेव की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) की विधान पार्षद (एमएलसी) मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गया के पुलिस अधीक्षक (नगर) अवकाश कुमार ने रॉकी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि रॉकी को मंगलवार तड़के बोधगया से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रॉकी के पास से कुछ हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जद (यू) विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर क्रूज कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद रॉकी ने कथित तौर पर 19 वर्षीय आदित्य को गोली मार दी। घायल आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने रॉकी के पिता बिंदी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493