बिहार : जद (यू) नेता के घर से शराब बरामद, गिरफ्तार

बिहारशरीफ, 30 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में शराबबंदी के बाद जहां देश में पूर्ण शराबबंदी की वकालत कर रहे हैं, वहीं उनके गृह जिला नालंदा में मंगलवार को सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के एक नेता के घर से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की गई। नेता गिरफ्तार कर लिया गया है।

नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के लोहरा गांव निवासी तथा हरनौत के जद (यू) प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत सेन के घर से उत्पाद विभाग ने 168 बोतल देसी शराब बरामद की। इस दौरान मौके से आरोपी इंद्रजीत सेन को गिरफ्तार भी कर लिया गया।

नालंदा के उत्पाद निरीक्षक दीपक प्रसाद ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सेन के घर के एक कमरे में भारी मात्रा में देसी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

इंद्रजीत की पत्नी मधुमिता देवी लोहरा पंचायत की मुखिया हैं।

इधर, इंद्रजीत की गिरफ्तारी के विरोध में लोहरा पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने बिहारशरीफ पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकार शांत कराया।

भोले-भाले ग्रामीणों का कहना है कि इंद्रजीत को चुनावी रंजिश में साजिश के तहत फंसाया गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में अप्रैल से ही शराब पर प्रतिबंध लागू है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493