बिहार : जद-यू 10 दिन में बनाएगा 30 लाख सदस्य

पटना, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल-युनाइटेड (जदयू) अगले 10 दिनों में 30 लाख लोगों को सदस्य बनाएगी। पांच जून को शुरू हुए जद-यू सदस्यता अभियान के तहत बूथ स्तर पर चार सक्रिय सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य है।

पटना के मुख्यमंत्री आवास पर सोमवार को जद-यू के जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि पार्टी के विस्तार की दिशा में सदस्यता अभियान पहली कड़ी है।

उन्होंने कहा, “पार्टी को 30 जून तक 50 लाख का लक्ष्य पूरा करना है। अभी कुछ जिलों से रिपोर्ट नहीं आई है। फिर भी 20 लाख से अधिक सदस्य बना लिए गए हैं।”

सिंह ने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के लिए राज्य और जिला निर्वाचन पदाधिकारी जल्द ही तय कर लिया जाएगा।

बैठक में पार्टी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदस्यता अभियान में तेजी लाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “जद-यू का नैतिक मूल्य आधारित सिद्धांत और कार्यक्रम है। हमें अपनी बात जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिकाधिक सदस्य बनाने की जरूरत है। अब हर बूथ पर न्यूनतम चार सक्रिय सदस्य बनाए जाने चाहिए।”

बैठक में विधान पार्षद संजय कुमार सिंह गांधी, ललन सर्राफ, मुख्यालय प्रभारी डॉ़ नवीन कुमार आर्य, प्रदेश महासचिव रवींद्र सिंह और अनिल कुमार समेत जद-यू के कई नेता उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493