बिहार टॉपर्स घोटाला : लालकेश्वर पत्नी संग 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

पटना, 21 जून (आईएएनएस)। बिहार में बहुचर्चित कथित टॉपर्स घोटाले में गिरफ्तार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी एवं जनता दल (युनाइटेड) की पूर्व विधायक उषा सिन्हा को मंगलवार को पटना की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा दिया।

पटना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार को गिरफ्तार किए गए लालकेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी को विशेष जांच टीम (एसआईटी) मंगलवार को पटना लेकर पहुंची। दोनों को पटना व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में वाराणसी से गिरफ्तार प्रभात जायसवाल को भी अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को अदालत के आदेश के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि पुलिस जल्द ही लालकेश्वर को रिमांड पर लेनी की कोशिश करेगी, जिससे पूछताछ के दौरान इस घोटाले से जुड़े अन्य अहम जानकारियों का खुलासा किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि लालकेश्वर और उनकी पत्नी उषा सिन्हा को एसआईटी ने बहुचर्चित बिहार टपर्स घोटाले में सोमवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया था।

गौरतलब है कि समिति द्वारा इस वर्ष आयोजित इंटर परीक्षा परिणाम में फर्जी टॉपर्स के खुलासे के बाद विशेष जांच परीक्षा में विज्ञान संकाय के टॉपर्स बने सौरभ श्रेष्ठ और राहुल कुमार का परीक्षा परिणाम रद्द कर दिया गया, जबकि आर्ट्स टॉपर रूबी राय टेस्ट के लिए उपस्थित नहीं हुई।

इंटर टॉपर्स घोटाले को लेकर छह जून को पटना के कोतवाली थाना में वैशाली जिले के भगवानपुर थाना के किरतपुर स्थित विशुन राय कलेज के प्राचार्य डॉ़ अमित कुमार उर्फ बच्चा राय और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्कालीन अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

लालकेश्वर ने आठ जून को समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

विशुन राय कलेज के प्राचार्य बच्चा राय को पुलिस ने 11 जून को गिरफ्तार किया था, बाद में अदालत के आदेश के बाद उसे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

समिति के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी उषा सिन्हा के खिलाफ पटना की एक अदालत ने 15 जून को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उषा सिंह गंगा देवी कॉलेज की प्राचार्या हैं, जो मामले के उजागर होने के बाद नौ से 16 जून तक छुट्टी पर चली गई थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493