गया, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, “पूर्व मध्य रेलवे के मुगलसराय-गया रेलखंड के इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन पर मुगलसराय-गया सवारी गाड़ी से कई लोग उतरे थे। इसमें से तीन लोग रेल पटरी पार कर रहे थे,तभी ये लोग अप लाईन से आ रही सियालदाह एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।”
गया रेल थाना के प्रभारी कमल किशोर ने सोमवार को बताया, “मृतकों की पहचान गुरुआ प्रखंड के नगवा पंचायत के जयनगर गांव निवासी रामजी यादव (62), उनकी पत्नी मुनाकवा देवी (58) और बहू सोनी देवी (30) के रूप में की गई है।”
उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath