दरभंगा, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा जिला के बहेरा थाना क्षेत्र में जादू-टोना करने के आरोप में गांव के कुछ अंधविश्वासी लोगों ने एक दलित महिला के साथ मारपीट की और उसे जबरन मूत्र पिलाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, पीपरा गांव में कुछ बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। गांव के कुछ लोगों ने एक महिला को डायन बताकर उस पर बच्चों की तबीयत खराब करने का आरोप लगा दिया।
आरोप है कि लोगों ने महिला के घर जाकर उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन मूत्र पिलाने का प्रयास किया।
बेनीपुर अनुमंडल पुलिस अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि पीड़ित महिला के बयान के आधार पर शुक्रवार को बहेरा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही डामू यादव और संतोष यादव सहित चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सिंह ने बताया कि तीन दिन पूर्व हुई इस घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
dharmpath.com dharmpath