समस्तीपुर, 13 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार तड़के एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
ये सभी महिलाएं तीज पर्व के मौके पर सड़क किनारे गीत गा रही थी।
पुलिस के अनुसार, अरपुर एलौथ गांव के पास तीज व्रत के दौरान सड़क के किनारे रतजगा कर रही महिलाएं समूह में गाना गाकर पूजा कर रही थी कि इसी दौरान एक वाहन तीन महिलाओं को टक्कर मारते हुए चला गया।
मुसरीघरारी के थाना प्रभारी परमानंद ने बताया, “इन सभी महिलाओं को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतक महिलाओं की पहचान रंजू देवी (30) और धर्मशीला देवी (34) के रूप में की गई है।”
इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर घटनास्थल पर समस्तीपुर- मुसरीघरारी मार्ग को जाम कर रखा है। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोग सड़क से हटे।
dharmpath.com dharmpath