हाजीपुर, 24 जून (आईएएनएस)। बिहार में दरोगा अशोक राय की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार देर रात वैशाली जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन आरोपियों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों के कब्जे से दारोगा से लूटी गई सर्विस रिवॉल्वर और कारतूस भी बरामद किए गए।
वैशाली जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने गुरुवार को यहां बताया कि जनवरी महीने में वैशाली थाना के दारोगा अशोक राय की हत्या हुई थी। इस मामले में पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के हथसारगंज मुहल्ला में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने दारोगा से लूटी गई सर्विस रिवाल्वर और 25 कसरतूस बरामद किए।
पुलस अधीक्षक ने बताया कि एक अन्य मामले में जिले के सराय थाना क्षेत्र के शम्भोपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्तौल और कारतूस के अलावा स्टांप विक्रेता से लूटे गए करीब दो लाख रुपये बरामद किए गए।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को अज्ञात अपराधियों ने महुआ थाना क्षेत्र के करहनिया गांव के समीप स्टांप विक्रेता संजीव कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया था और उससे सात लाख रुपये लूट लिए थे।
dharmpath.com dharmpath