बिहार : दिल्ली के व्यवसायी बंधुओं के अपहरण का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय, 14 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के व्यवसायी बाबूलाल शर्मा के दो पुत्रों कपिल शर्मा एवं सुरेश चन्द्र शर्मा के अपहरण का मुख्य आरोपी रंजीत मंडल उर्फ रंजीत डॉन को बिहार पुलिस की एक टीम ने सोमवार को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया।

लखीसराय के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि दिल्ली के व्यवसायी बंधुओं के अपहरण मामले के मुख्य आरोपी रंजीत मंडल उर्फ रंजीत डॉन को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने जिला पुलिस की मदद से बोधनगर गांव से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि रंजीत अपने एक रिश्तेदार के श्राद्घ कार्यक्रम में भाग लेने यहां पहुंचा था, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उल्लेखनीय है कि 22 अक्टूबर को पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा से अपराधियों ने सुरेश और कपिल का अपहरण कर लिया था तथा फिरौती के रूप में पांच करोड़ रुपये मांगे थे। कारोबारी बंधुओं को ठेका दिलाने के बहाने यहां बुलाया गया था।

घटना के चार दिन बाद 26 अक्टूबर को पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने एसटीएफ, पटना पुलिस और लखीसराय पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चला कर लखीसराय के कजरा थाना क्षेत्र के एक जंगली इलाके से दोनों व्यवसाइयों को अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया था। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493