पटना, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। ‘दुर्गा पूजा पाग अर्पण’ समारोह का आयोजन बिहार में मधुबनी जिला मुख्यालय के दुर्गा स्थान, मैलाम चौक में 10 अक्टूबर की शाम किया जाएगा। इस पाग अर्पण समारोह में मां दुर्गा को मिथिलालोक फाउंडेशन द्वारा नवनिर्मित पाग अर्पित किया जाएगा।
पाग मिथिला की सांस्कृतिक पहचान है। इस प्रतीकात्मक पहचान को मजबूती प्रदान करने के लिए श्रद्धालु शक्ति की देवी मां दुर्गा के समक्ष अनुनय-विनय करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मिथिला समाज में पाग बांधने और पहनने कि परंपरा आदिकाल से रही है। वेद में इसे ‘सिरोसत्रं’ की संज्ञा दी गई है।
‘पाग बचाउ अभियान’ चला रहे मिथिला फाउंडेशन के प्रमुख डॉ़ बीरबल झा ने बताया कि वर्तमान समय में पाग पुरानी धोती को साफकर कुट-कागज के सहारे बनाया जाता रहा है।
उन्होंने बताया, “हमारे यहां विशेष पूजा -अर्चना में नववस्त्र धारण करने की परंपरा रही है। परंतु पाग में पुराना वस्त्र क्यों? इस बाबत मिथिलालोक संस्था ने पाग के मूल स्वरूप में बगैर कोई परिवर्तन लाए हुए नववस्त्र एवं बकरम के सहारे यूजर-फ्रेंडली पाग का निर्माण किया गया है। इस कारण नव निर्मित पाग की काफी सराहना की जा रही है।”
इस पाग अर्पण समारोह का आयोजन नवदुर्गा पूजा समिति, मैलाम के द्वारा किया जा रहा है। यह कार्यक्रम मिथिलालोक फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित है, जो की पाग बचाउ अभियान चला रहा है।
मिथिलालोक फाउंडेशन एक सामाजिक संस्था है जो मिथिला के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए काम कर रही है।
dharmpath.com dharmpath