मोतिहारी, 1 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपाराण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, बैरियाडीह पंचायत के एक गांव में एक नाबालिग लड़की सोमवार की रात अपने घर में सोई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही चार युवक घर में घुसकर उसे उठाकर ले गए और पास के ही खेत में उसके साथ सभी ने दुष्कर्म किया। नाबालिग लड़की जब बेहोश हो गई, तो चारों युवक उसे खेत में ही छोड़कर चले गए।
हरसिद्धि के थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया, “सुबह जब लड़की घर में सोई हुई नहीं मिली, तब परिजनों ने उसकी खोजबीन प्रारंभ की। इसके बाद खोजबीन के क्रम में लड़की बेहोशी की हालत में खून से लथपथ गांव के पास ही एक खेत में मिली।”
उन्होंने बताया, “इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में एक प्राथमिकी हरसिद्धि थाने में दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही बृजकिशोर यादव और ललन यादव को नामजद जबकि दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है तथा पीड़िता को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath