बिहार : नीतीश देंगे ‘हर घर दस्तक’

पटना, 1 जुलाई (आईएएनएस)। दो महीने बाद होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अन्य दलों से आगे दिख रहा सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) गुरुवार से ‘हर घर दस्तक’ कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गुरुवार को 10 घरों में जाकर ‘दस्तक’ देंगे।

जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि ‘हर घर दस्तक’ कार्यक्रम के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता प्रतिदिन 10 घरों में जाएंगे और 10 वर्ष की सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।

पार्टी की मुहिम के तहत कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे दस्तक देने के बाद उस घर पर एक स्टिकर चिपकाकर निकलें, जिस पर मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ ‘फिर एक बार नीतीश कुमार’ लिखा हुआ होगा। इसके अलावा घर के सदस्यों का नाम एवं उनका मोबाइल नंबर भी लिख लें।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस अभियान में पार्टी के सभी सांसद, विधायक और पूर्व विधायक सहित पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं को शामिल किया जा रहा है।

हर घर दस्तक कार्यक्रम का पहला चरण 2 से 11 जुलाई तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 21 से 30 जुलाई के बीच आयोजित होगा। इस कार्यक्रम के तहत पार्टी ने तीन करोड़ मतदाताओं से सीधा संपर्क करने की योजना बनाई है।

उल्लेखनीय है कि 24 जून से चल रहा जद (यू) का ‘चौपाल पर चर्चा’ कार्यक्रम मंगलवार को समाप्त हो गया। पार्टी ने इस कार्यक्रम के तहत राज्यभर में 35 हजार स्थानों पर चौपाल लगाने का दावा किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493