पटना, 28 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सभी जिलों के जिला अधिकारियों एवं जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की, जिसमें बाढ़ राहत कार्य, आगामी पर्व त्योहारों की तैयारी, विधि-व्यवस्था की समस्या, शराबबंदी सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा, “इस बार की बाढ़ अभूतपूर्व थी। मैंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। अधिकारियों को भी निर्देश देकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कराया गया, जिससे वे स्थिति का सही आकलन कर सकें।”
बाढ़ राहत कार्य में लगे सभी लोगों के कार्यो की सराहना करते हुए नीतीश ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द नगद अनुदान उपलब्ध करा देने का निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा, “मुझे प्रसन्नता होगी, अगर बकरीद पर्व से पूर्व बाढ़ प्रभावित परिवारों को निर्धारित मापदंड के अनुसार नगद अनुदान की राशि उपलब्ध करा दी जाए। इसके लिए यथासंभव प्रयास करने चाहिए।”
उन्होंने कहा कि जिन बाढ़ पीड़ितों का बैंक में खाता नहीं है, उनका जल्द से जल्द बैंक खाता खुलवाया जाए, जिससे उनकी राशि खातों में हस्तांतरित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बताया था कि सड़कों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। हमारी नेपाल के प्रधानमंत्री से भी बाढ के मुद्दे पर बातचीत हुई है।”
मुख्यमंत्री ने पंचायत भवनों में बाढ़ की स्थिति में सामुदायिक सहायता केंद्र बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जहां नए पंचायत भवन बनने हैं, वहां पर इसका ख्याल रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार के संदर्भ में यह कहना मुश्किल है कि कब, कहां, कौन सी आपदा आ जाए। बिहार आपदा ‘प्रोन’ राज्य है। हमें हर समय तैयार रहना है। हमें व्यावहारिक रूप से काम करना होगा।”
आगामी पर्वो की तैयारी एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सौहार्द एवं आपसी प्रेम एवं भाईचारा बिहार की परंपरा है, इसे हर हालत में बनाए रखना है। उन्होंने अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर, विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव और सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चंद्रा, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिलास्तरीय सहित अन्य वरीय अधिकारी जुड़े हुए थे।
dharmpath.com dharmpath