पटना, 5 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार में नेता प्रतिपक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रेम कुमार ने राज्य में गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ तथा विभिन्न मांगों को लेकर 24 घंटे का अपना अनशन शुक्रवार को खत्म कर दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया।
अनशन समाप्त करने के बाद कुमार ने कहा कि भाजपा के नेता अब किसानों की समस्या को लेकर गांव का रुख करेंगे और किसानों से मिलेंगे।
उल्लेखनीय है कि कुमार बिहार में गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ तथा कपड़ों से वैट हटाने, किसानों को धान खरीद पर बोनस देने सहित कई मांगों को लेकर गुरुवार सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठ गए थे।
इस मौके पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के नेता भी शामिल रहे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के नेताओं का मानना है कि बिहार में रोज हत्या, कारोबारियों से रंगदारी की मांग, महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें रोकने में विफल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज बुलंद करेगी।
इधर, सत्ताधारी पार्टी जनता दल (युनाइटेड) ने इस अनशन को नाटक बताया। जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि बिहार सरकार राज्य का विकास करने में जुटी है, वहीं विपक्ष नौटंकी कर रहा है।
जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के नेता धरना और अनशन कर तमाशा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह तमाशा किसी समस्या के निदान के लिए नहीं बल्कि जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए है।”
dharmpath.com dharmpath