पटना, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में पेट्रोल पंपों में लूट की बढ़ती घटनाओं के विरोध में राजधानी पटना के सभी पेट्रोल पंप मंगलवार को 12 घंटे के लिए बंद हैं। इससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करन पड़ रहा है।
पटना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि मंगलवार सुबह छह बजे से पटना के करीब सभी 156 पेट्रोल पंप बंद हैं। हाल के दिनों में राजधानी पटना समेत राज्य के अन्य जिलों में पेट्रोल पंपों पर लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। इसी के विरोध में यह निर्णय लिया गया है। पेट्रोल पंप शाम छह बजे खोल दिए जाएंगे।
एसोसिएशन का दावा है कि पिछले सात महीने के अंदर पटना जिले के आठ पेट्रोल पंपों पर लूट की घटनाएं हुई हैं लेकिन अभी तक इन घटनाओं में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
पेट्रोल पंपों पर नियमित रुप से पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से की है।
पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात को देखते हुए मार्च के महीने में जिले के सभी पेट्रोल पंप 30 मिनट के लिए सांकेतिक रूप से बंद किए गए थे। एसोसिएशन राज्य के पुलिस महानिदेशक से मिलकर उनके समक्ष अपनी समस्याओं को रख चुकी है।
dharmpath.com dharmpath