बिहार : पत्रकार की हत्या के बाद राजद के भी निशाने पर नीतीश

पटना, 14 मई (आईएएनएस)। बिहार के सिवान में पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के बाद विपक्ष के साथ-साथ सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दो वरिष्ठ नेताओं ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजद सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन ने यहां शनिवार को कहा कि आपराधिक घटनाएं बढ़ गई हैं, बिहार में ‘जंगलराज’ कायम हो गया है। यहां पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की तुलना में केंद्र सरकार सरकार अच्छा काम कर रही है। अगर राज्य में अपराध रोकना है तो नीतीश को दारू (शराब) की बोतल (शराबबंदी) से बाहर निकलना होगा।”

तस्लीमुद्दीन ने कथित जंगलराज के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेवार बताते हुए कहा, “सुशासन बाबू की सरकार में रोज सरेआम हत्याएं हो रही हैं। राज्य में अपराधियों का बोलबाला है और सरकार का अपराध पर कोई लगाम नहीं है।”

राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने भी माना कि बिहार में अपराध बढ़ा है। उन्होंने कहा, “बिहार की स्टेयरिंग नीतीश कुमार के हाथ में है, उन्हें अपराध पर लगाम लगाना चाहिए। राज्य में हत्या और अपराध की अन्य घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।”

इधर, विपक्ष भी बिहार सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साध रही है। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार में जंगलराज नहीं, ‘महाजंगलराज’ की शुरुआत हो चुकी है।

उन्होंने कहा, “मैंने तो पहले ही कहा था कि महागठबंधन की सरकार में जंगलराज आना है, वो आ गया। नीतीश सरकार हर मोर्चे पर विफल है।”

वहीं, बिहार भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष होने के नाते भाजपा चुप नहीं बैठेगी, अब सड़क पर उतरकर अपना विरोध जताएगी।

उल्लेखनीय है कि सिवान में दैनिक हिन्दुस्तान के ब्यूरो चीफ राजदेव रंजन की शुक्रवार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493