बिहार : पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में राज्यपाल को ज्ञापन

पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। जन अधिकार पार्टी (जाप) के प्रमुख और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जाप के नेताओं ने राज्यपाल रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर पप्पू यादव को इंसाफ दिलाने की मांग की।

जाप के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और पार्टी के संरक्षक व सांसद के पिता चंद्र नारायण प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा और राज्यपाल से मुलाकात कर पांच सूत्री मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव की साजिश के तहत सारे कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन कर गिरफ्तारी और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ज्यादती की न्यायिक जांच करवा कर इंसाफ दिलाने की मांग की।

कुशवाहा ने राजभवन से लौटकर संवाददाताओं को बताया कि राज्यपाल ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन के दौरान सोमवार को सांसद पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

इसके बाद सोमवार की देर रात पुलिस ने पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया।

राज्यपाल को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सांसद की गिरफ्तारी संसदीय परंपरा की अवमानना है। सांसद को जिस मुकदमे में फंसाया गया, वह जनवरी 2017 के राजभवन मार्च का है। इस मामले में रात के अंधेरे में झूठा मुकदमा कर न सिर्फ न्यायालय को गुमराह करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया, बल्कि सर्वोच्च न्यायालय के उस आदेश की भी अवमानना की गई, जिसमें उल्लेख है कि रात के अंधेरे में पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493