बिहार पहुंचेगा भाजपा का विजय रथ : शाह (लीड-1)

पटना, 23 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने यहां शुक्रवार को कहा कि नीतीश कुमार ने अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के कारण भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया। फिर भी भाजपा का ‘विजय रथ’ दिल्ली चुनाव के बाद बिहार आएगा। उनका इशारा बिहार जीतने की ओर था।

पटना में भाजपा अतिपिछड़ा मंच द्वारा आयोजित समाजवादी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में फिर जंगलराज नहीं आने देगी। उन्होंने कहा, “दिल्ली चुनाव के बाद भाजपा का विजय रथ बिहार पहुंचेगा और नीतीश कुमार दीवार पर लिखी इबारत को पढ़ लें कि आने वाले समय में यहां भाजपा की सरकार बनेगी।”

उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े वर्ग को न्याय दिलाने और उनके विकास के लिए जीवनभर लड़ने वाले जननायक कर्पूरी ठाकुर को उस समय भी मुख्यमंत्री बनाने में जनसंघ और भाजपा की अहम भूमिका थी। उन्होंने कहा कि आज पिछड़े समाज से आने वाले नरेंद्र मोदी को भी भाजपा ने प्रधानमंत्री बनाया है।

भाजपा के अध्यक्ष ने कहा, “जब देश में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार थी तब विकास दर 4़ 6 प्रतिशत था, परंतु राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने पहली तिमाही में ही विकास दर 5.7 प्रतिशत करने का काम किया है।”

शाह ने कर्पूरी ठाकुर को पिछड़े वर्गो का नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने ताउम्र गैर कांग्रेसवाद नीति के तहत काम किया, लेकिन आज उन्हीं के शिष्य कहे जाने वाले नेता सत्ता के लिए कांग्रेस से हाथ मिला चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में कभी भी जंगल राज नहीं आने देगी।

चुनाव जीतने के अपने ‘गुजरात मॉडल’ पर भरोसे से लबरेज शाह ने लोगों से होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने की अपील की और कहा कि भाजपा यहां 24 घंटे बिजली मुहैया कराएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महत्वकांक्षा और सत्ता के लिए 17 वर्ष पुराने भाजपा के साथ गठबंधन को तोड़ दिया और उसी लालू प्रसाद की गोद में जा बैठे जिनकी कल तक आलोचना करते थे।

गौरतलब है कि भाजपा ठीक इसी तरह दिल्ली में भी 24 घंटे बिजली देने का वादा कर चुकी है और कल तक भाजपा व नरेंद्र मोदी की आलोचना करती रहने वाली किरण बेदी आज वहां भाजपा की मुख्यमंत्री उम्मीदवार बन गई हैं।

शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493