मोतिहारी, 6 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मलाही थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने सम्मान के खातिर अपनी ही पुत्री और उसके प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने पुलिस थाने जाकर समर्पण कर दिया।
मलाही के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इसी थाने के ममरखा गांव के शत्रुघ्न राम का बड़हरवा गांव की रहने वाली शालू कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार रात प्रेमी शत्रुघ्न अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा।
उन्होंने बताया कि लड़की के पिता राजन प्रसाद ने दोनों को एक कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में देख लिया और दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या के बाद खुद आरोपी ने थाने में समर्पण कर दिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि लड़के के घर वालों को इस संबंध में कई बार समझाया था, परंतु लड़का नहीं माना।
थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी के सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath