पटना/गया, 19 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में औरंगाबाद और गया जिले की सीमा पर डुमरी नाला के पास सोंदाहा जंगल में पुलिस और नक्सली के बीच मुठभेड़ और उसके बाद नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन (कंबैट बटालियान फॉर रेजोल्यूट एक्शन) के 10 जवान शहीद हो गए जबकि पांच अन्य जवान घायल हो गए।
इस मुठभेड़ में तीन नक्सली भी मारे गए हैं।
बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने पटना में संवाददाताओं को बताया, “सोमवार रात को बारूदी सुरंग धमाका में कोबरा बटालियन के जवानों को निशाना बनाया गया, जिसमें 10 जवानों की मौत हो गई।”
उन्होंने बताया कि यह घटना डुमरी गांव के समीप सोंदाहा के जंगलों में हुई। घायल जवानों को इलाज के लिए गया और पटना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और गृह सचिव को गया जाकर पूरी स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया है।
अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि राज्य सरकार शहीद हुए जवानों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देगी। इसके अलावा 20 लाख रुपये बीमा की राशि भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में तीन नक्सली भी मारे गए हैं, जिनके पास से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
शहीद हुए जवानों में बिहार के बक्सर निवासी हेड कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह, मणिपुर के थोबुल निवासी क़े उपेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी कांस्टेबल सिनोद कुमार, पंजाब के होशियारपुर निवासी रमेश कुमार, बिहार के खगड़िया निवासी दिवाकर कुमार, पश्चिम बंगाल के दक्षिणी दिनाजपुर निवासी पोलाश मंडल, पश्चिम बंगाल के नादिया निवासी दीपक घोष, मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी मनोज कुमार, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी हरविंदर पंवार और बिहार के सीवान निवासी रवि कुमार शामिल हैं।
सीआरपीएफ सोमवार दोपहर नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही थी तभी नक्सलियों ने पुलिस बल पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के जवानों ने भी मोर्चा संभाल नक्सलियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। देर रात करीब एक बजे तक दोनों ओर से गोलियां चलती रही। इसी बीच नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया।
राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार, घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल को भेजा गया है और पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath