नवादा, 22 जून (आईएएनएस)। नवादा जिले के कौआकोल थाने के नवाडीह जंगल में सोमवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक व्यक्ति घायल हो गया है।
पुलिस के अनुसार, जंगल में नक्सलियों की गतिविधि बढ़ी थी। इसी क्रम में एक ग्रामीण ने नक्सलियों को देख लिया था। नक्सलियों ने उस ग्रामीण को गोली मार दी। इसकी सूचना मिलते ही केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला पुलिस बल ने जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
नवादा के पुलिस अधीक्षक परवेज अख्तर ने सोमवार को बताया कि सुबह से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
उन्होंने बताया कि घायल ग्रामीण को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल व्यक्ति की पहचान पप्पू यादव के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस दौरान एक स्वचालित रायफल भी बरामद किया है।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों ने एक ग्रामीण को बंधक भी बना लिया है।
dharmpath.com dharmpath