पूर्णिया, 23 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में सोमवार को एक तेंदुआ के घुस आने से अफरातफरी मच गई। राहत की बात है कि अभी तक तेंदुआ ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। इस बीच पुलिस प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी तेंदुआ पर काबू पान की कोशिश में लगे हैं।
पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक निशांत कुमार तिवारी ने बताया कि जंगली क्षेत्र से भटककर एक तेंदुआ पूर्णिया के गुलाबबाग इलाके में घुस आया है। तेंदुआ को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। इसे काबू में करने के लिए पटना से विशेषज्ञों की एक टीम भी बुलाई गई है।
तेंदुआ फिलहाल गुलाबबाग क्षेत्र स्थित एक बड़े से गोदाम के समीप एक गली में मौजूद है। पुलिस प्रशासन ने आसपास के मकानों की छतों पर किसी को नहीं जाने की हिदायत देते हुए तेंदुआ को परेशान नहीं करने की अपील की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ भागदौड़ में मामूली रूप से घायल भी हो गया है। तेंदुआ के शहरी क्षेत्र में घुस आने से लोग दहशत में हैं।
dharmpath.com dharmpath