छपरा, 28 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में सारण जिले के छपरा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने पूर्वाचल एक्सप्रेस की एक बोगी से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
छपरा रेल थाना के प्रभारी एस़ क़े द्विवेदी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गोरखपुर से कोलकाता जा रही डाउन पूर्वाचल एक्सप्रेस की एक बोगी से 11 देसी पिस्तौल बरामद किए हैं। ये हथियार जनरल बोगी में काले रंग के एक बैग में सीट के नीचे छिपाकर रखे हुए थे।
उन्होंने बताया कि छपरा जंक्शन पर बुधवार देर शाम जब उक्त ट्रेन रुकी तब पुलिस ने सभी बोगियों की तलाशी ली। इसी दौरान पुलिस की नजर बैग पर पड़ी तो उसकी भी जांच की गई।
द्विवेदी ने बताया कि बोगी में सवार यात्रियों से पुलिस ने बैग के बारे में पूछा तो किसी ने बैग के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
पुलिस आशंका जता रही है कि उक्त हथियार उत्तर प्रदेश के किसी जिले से अन्य प्रदेश में भेजे जा रहे थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath