बिहार : पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन का पार्थिव शरीर सुपुर्द-ए-खाक

अररिया, 19 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और अररिया के सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव जोकीहाट के सिसौना स्थित दिग्घी कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान बिहार राज्य के कई दिग्गज नेता यहां मौजूद थे।

सात बार विधायक और पांच बार सांसद रहे तस्लीमुद्दीन के पैतृक आवास पर हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने जननेता को आखिरी सलामी दी। इसके बाद अमजदुल बनात मदरसा के निकट जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।

इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, राजद के नेता और पूर्व वित्तमंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, भाजपा के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, कई सांसद और विधायक भी मौजूद थे।

इससे पहले, जिलाधिकारी हिमांशु शर्मा और पुलिस अधीक्षक धूरत शायली की उपस्थिति में पुलिस के जवानों ने उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

मोहम्मद तस्लीमुद्दीन का रविवार को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। वह काफी दिनों से बीमार थे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार में केंद्र में गृह राज्यमंत्री और कृषि राज्यमंत्री का दायित्व निभा चुके थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493