सीवान, 3 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र में एक युवक मनु शर्मा को एक लड़की से प्रेम करने की सजा अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस ने मनु का शव गुरुवार को एक खेत से बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों का आरोप है के मनु का अपने ही गांव हाथोपुर की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच बुधवार की दोपहर में मनु लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर मनु का पता नहीं चला, तब उन्होंने इसकी लिखित शिकायत दरौंदा थाने में की थी।
गुरुवार सुबह मनु का शव गांव के ही एक खेत से बरामद किया गया।
महाराजगंज पुलिस उपाधीक्षक एस़ क़े प्रभात ने बताया कि मनु की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि मृतक की मां के बयान के आधार पर दरौंदा थाने में अपहरण और हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए छह अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath