सहरसा, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार की रात महिषी प्रखंड के एक पंचायत के मुखिया और चार सहयोगियों को बम बनाने के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।
सहरसा के पुलिस उपाधीक्षक प्रभाकर तिवारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात सदर थाना पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बम विस्फोटक पदार्थ के साथ महिषी प्रखंड के पसवारा पंचायत के मुखिया राहुल राज को उसके चार सहयोगियों के साथ सफारी गाड़ी में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया, “वाहन तलाशी के दौरान मुखिया के वाहन से बारूद, विस्फोटक से जुड़ी कई चीजें तथा 35 हजार नकद राशि बरामद की गई है। मुखिया राहुल राज के अलावे उनके सहयोगियों नीतीश कुमार, रंजन, सिद्धार्थ व विक्रम अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया है।”
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मुखिया राहुल राज और रंजन कुमार को जब गिरफ्तार किया गया, तब वे शराब के नशे में थे। नीतीश को बम बनाने का पेशेवर बताया जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है।
dharmpath.com dharmpath