मुजफ्फरपुर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गुरुवार को दिनदहाड़े बम विस्फोट कर एक अधिवक्ता की हत्या कर दी तथा भागने के क्रम में अपराधियों द्वारा किए जा रहे बम विस्फोट की चपेट में तीन साल का एक बच्चा भी आ गया, उसकी भी मौत हो गई।
करजा के थाना प्रभारी अवनि भूषण ने बताया कि अधिवक्ता ब्रजकिशोर शर्मा उर्फ मदन शर्मा अपने गांव रौतनिया गड़ियारा से कहीं जा रहे थे, रौतनिया चौक के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन अपराधियों ने उन पर बम से हमला कर दिया। इस हमले में अधिवक्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि अपराधियों ने भागने के क्रम में कुछ और भी बम फेंके, जिसकी चपेट में तीन वर्षीय आशिक भी आ गया तथा उसकी भी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी सरैया प्रखंड की ओर भाग निकले। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath