बिहार : भाजपा की पुतुल बांका से निर्दलीय प्रत्याशी

बांका, 24 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सीट बंटवारे में बांका लोकसभा सीट जद (यू) के कोटे में जाने से नाराज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी सोमवार को बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन पर्चा दाखिल करेंगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल कुमारी ने यहां रविवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “यहां के कार्यकर्ताओं की मांग है कि मैं उनके स्वाभिमान की खातिर चुनाव लड़ूं। यही कारण है कि मुझे यह फैसला लेना पड़ा।”

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष ने दावा किया, “बतौर निर्दलीय मैं यहां से जीत हासिल करूंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करूंगी।”

उन्होंने कहा कि बांका सीट राजग के घटक जनता दल (युनाइटेड) के कोटे में जाने से यहां के कार्यकर्ता नाराज हैं।

पुतुल कुमारी ने कहा कि उनकी पुत्री अंतर्राष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह भी उनके प्रचार में उतरेंगी और लोगों से वोट मांगेंगी।

पिछले लोकसभा चुनाव में राजद के जय प्रकाश नारायण यादव ने भाजपा की पुतुल कुमारी को हराया था। इस बार यह सीट जद (यू) के कोटे में चली गई है। जद (यू) ने यहां से गिरधारी यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है।

बिहार के राजग में भाजपा और जद (यू) 17-17, जबकि लोजपा 6 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493