बिहार : भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने यहां मंगलवार को आयोजित कार्यकर्ता समागम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की आलोचना कर विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

गांधी मैदान में भाजपा नेताओं ने विरोधी दलों की एकता को बिहार में ‘जंगलराज की वापसी’ करार देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि राज्य में सुशासन लाने के लिए भाजपा की सरकार बनना जरूरी है, इसके लिए वे समर्पित होकर कार्य करें।

भाजपा के बिहार प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि नीतीश कुमार और लालू प्रसाद चाहे कितना भी जोर लगा लें, लेकिन बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने से रोक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग किसी भी हाल में जंगल राज की वापसी नहीं चाहते।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार जंगल राज के प्रतीक लालू प्रसाद की गोद में बैठ गए हैं। राज्य में विकास रुक गया है और अपराधियों का बोलबाला हो गया है।

वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने भी नीतीश पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धान खरीद में बिचौलिए हावी रहे। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि लालू की गोद में बैठकर नीतीश सुशासन की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने पटना सहित बिहार के कई शहरों में वाईफाई की सुविधा मिलने की बात कहते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य के 44 स्थानों पर बीपीओ खोलने जा रही है।

भाजपा बिहार इकाई के अध्यक्ष मंगल पांडेय ने राष्ट्रीय नेताओं को आश्वस्त किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 185 से ज्यादा सीटों के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ता प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बिहार में जंगलराज भाग-2 को खत्म करने के लिए काम करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493