बिहार : भाजपा, राजद कार्यकर्ता भिड़े, प्राथमिकी दर्ज (लीड-1)

पटना, 17 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय पर यहां बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस क्रम में दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।

पुलिस के अनुसार, पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर राजद कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस हमले में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए हैं और कई लोग घायल हो गए हैं।

इस मामले में भाजपा के नेताओं ने पुलिस महानिदेशक से भेंट कर पूरे मामले की जानकारी दी। इस बीच एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा के ललित यादव के बयान पर कोतवाली थाना में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

इधर, राजद के नेताओं ने भी पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा विधायक नितिन नवीन ने कहा, “धरना को लेकर कई कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। इसी बीच 100-150 की संख्या में अर्धनग्न राजद कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंच गए और पथराव करने लगे, जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई। कई गाड़ियों के शीशे टूट गए।”

इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे से उलझ गए। बाद में पुलिस के अधिकारी पहुंचकर उन्होंने पूरे मामले को नियंत्रण में किया।

भाजपा नेताओं का कहना है कि आयकर विभाग की छापेमारी मामले को लेकर राजद कार्यकर्ता बौखला गए हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने पार्टी कार्यालय पर हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह राजद की कायरतापूर्ण करतूत है। उन्होंने कहा, “भाजपा हिंसा पर विश्वास नहीं करती है। वह इस भ्रष्टाचार की लड़ाई में हार नहीं मानेगी।”

राय ने तेजस्वी व तेज प्रताप की ओर इशारा करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार की सरकार में गुंडे भी शामिल हैं और उन्हें वे अपनी सरकार से बर्खास्त करें।

राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा, “युवा राजद के कुछ कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और उनपर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले पत्थरबाजी की। राजद कार्यकर्ताओं ने भी उसका जवाब दिया होगा।”

उल्लेखनीय है कि यह प्रतिबंधित क्षेत्र है, जहां विरोध-प्रदर्शन वर्जित है।

भाजपा नेता सुशील मोदी ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन के संरक्षण में राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि यह हमला खीझ का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस महानिदेशक से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देंगे।

उल्लेखनीय है कि लालू प्रसाद और उनके परिवार की बेनामी संपत्ति और बिहार में बढ़े बिजली बिल के विरोध में भाजपा की ओर से पूरे प्रदेश में महाधरना का आयोजन किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493