पटना, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। पिछले तीन दिनों से नेपाल से लेकर उत्तर भारत तक को हिला देने वाले भूकंप से बिहार में मरने वालों की संख्या मंगलवार को 58 तक पहुंच गई है और घायलों संख्या 180 हो गई है। इस बीच भूकंप से प्रभावित लोगों के बीच राहत पहुंचाने का कार्य जारी है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ब्यासजी ने मंगलवार को बताया, “राज्य के पश्चिम चंपारण जिले में मंगलवार का दुर्भाग्यवश एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे भूकंप में मरने वालों की संख्या 58 पहुंच गई है और 180 लोग घायल हैं।”
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, नेपाल में भूकंप के बाद फंसे बिहार के लोगों को वापस लौटने का सिलसिला जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक 2,500 से ज्यादा लोग बिहार लौट चुके हे।
इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भूकंप पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे राहत कायरें का जायजा लेने के लिए मंगलवार का सड़क मार्ग से रक्सौल के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय के अनुसार, मुख्यमंत्री रक्सौल में राहत कार्य का जायजा लेने के बाद आला अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
संयुक्त सचिव सुनील कुमार ने बताया कि भूकंप के कारण हुई क्षति का आकलन करवाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें बचाव और सर्वे कार्य में जुटी हुई हैं।
राज्य सरकार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये बतौर मुआवजा देने तथा घायलों के मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री के तौर पर प्रति परिवार एक क्विंटल अनाज के अलावा 5800 रुपये नकद राशि का भुगतान किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath