बिहार : मंगनी लाल, राम बदन सहित कई नेताओं का राजद से इस्तीफा

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की नाराजगी अभी समाप्त भी नहीं हुई थी कि गुरुवार को राजद उपाध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, प्रदेश उपाध्यक्ष राम बदन राय सहित कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने टिकट बंटवारे में अति पिछड़ों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।

मंडल और राय के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल मंडल तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता ए़ पी़ सिंह ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की।

संवाददाता सम्मेलन में मंगनी लाल मंडल ने कहा, “राजद सामाजिक न्याय के सिद्घांतों पर चलने वाली पार्टी थी, लेकिन इस बार के टिकट बंटवारे में हुई धांधली ने पार्टी के पाखंड को उजागर कर दिया है। राजद के महागठबंधन से ज्यादा राजग में अतिपिछड़े वर्ग के नेताओं को तरजीह देते हुए उस वर्ग से आने वाले व्यक्ति को टिकट दिया गया है।”

उन्होंने कहा, “मुझे भ्रम था कि सामाजिक न्याय की बात करनेवाली एकमात्र पार्टी राजद ही है, परंतु मेरा यह भ्रम टूट गया।”

इधर, रामबदन राय ने कहा कि पहले संघर्ष देखकर टिकट मिलता था, परंतु अब पैसा देखकर टिकट दिया जा रहा है। आगे की योजना के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति पर सोच-विचार कर निर्णय लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि तेज प्रताप भी टिकट बंटवारे को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493