पटना, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार मंत्रिपरिषद की शुक्रवार शाम हुई बैठक में ‘लोक संवाद कार्यक्रम’ शुरू किए जाने का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की।
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने संवाददाताओं को बताया कि बैठक में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के तहत लोकहित में सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं के संबंध में नागरिकों से सुझाव प्राप्त करने एवं सकारात्मक सुझावों के बाद प्रशासनिक व्यवस्था, नीतियों एवं कार्यक्रमों में आवश्यक सुधार लाने के लिए ‘लोक संवाद कार्यक्रम’ को शुरू किए जाने की स्वीकृति दी गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले पांच महीने से ‘मुख्यमंत्री जनता के दरबार में’ कार्यक्रम बंद था, जिसकी आलोचना हो रही थी। लोक संवाद कार्यक्रम के तहत एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश जनता के बीच उपस्थित होंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
मेहरोत्रा ने बताया कि मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के वेतन के लिए 25 करोड़ रुपये जारी करना मंजूर किया गया। बैठक में कुल आठ प्रस्तावों पर मंजूरी दी गई।
dharmpath.com dharmpath