सीवान, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में सीवान जिले के गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के एक मंदिर से पिछले सप्ताह चुराई गई अष्टधातु की छह मूर्तियां शनिवार सुबह मंदिर के पास एक बाजार से बरामद कर ली गईं। चोरों ने सभी मूर्तियां एक बोरी में बंदकर सड़क किनारे फेंक दी थी। पुलिस चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है।
गोरियाकोठी के थाना प्रभारी अमित कुमार ने शनिवार को बताया कि मूर्तियां बरामद करने और चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, जिससे घबराकर चोरों ने मूर्तियों को बोरी में बन्द कर मंदिर के पास बाजार में फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि शनिवार की सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद सभी मूर्तियां बरामद कर ली गईं।
थाना प्रभारी ने बताया कि कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर मूर्तियां मठ को सौंपी जाएंगी। इन छह मूर्तियों का वजन करीब डेढ़ क्विंटल बताया जा रहा है और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।
dharmpath.com dharmpath