बिहार : महागठबंधन आज कर सकता है सीट बंटवारे की घोषणा

पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों में मंथन का दौर जारी है। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी दलों के महागठबंधन में से किसी ने भी अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इस बीच, सीट बंटवारे के मामले में पिछड़ रहा महागठबंधन शुक्रवार को इस बारे में घोषणा कर सकता है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने शुक्रवार को कहा, “आज (शुक्रवार) शाम महागठबंधन द्वारा पटना में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित होना है। संभव है कि इसमें सीट बंटवारे और किस सीट पर कौन सी पार्टी लड़ेगी इसकी घोषणा कर दी जाए।”

हालांकि, उन्होंने उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर स्पष्ट कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार तो पार्टियां तय करती हैं।

इधर, सूत्रों का कहना है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से राजद 19 से 20 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि कांग्रेस के हिस्से नौ, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) चार तथा अन्य सीटें अन्य सहयोगियों के खाते में जा सकती है।

महागठबंधन के सूत्रों का दावा है कि अभी भी कुछ सीटों को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने पहले ही 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी, जिसे लेकर महागठबंधन में सीट बंटवारें को लेकर पेच फंस गया था। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, रालोसपा के अलावा हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, विकासशील इंसान पार्टी, लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) शामिल हैं। राजग ने पहले ही सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493