बिहार : महिलाओं पर अपराधों में वृद्धि के खिलाफ ‘हम’ का आक्रोश मार्च

पटना, 29 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के नेतृत्व वाले हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के कार्यकर्ता बुधवार को राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में पटना की सड़कों पर उतरे और उन्होंने आक्रोश मार्च निकाला। ‘हम’ के नेताओं ने नीतीश सरकार को ‘दुष्कर्मी’ सरकार बताते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।

‘हम’ के कार्यकर्ता बिहार के पूर्व मंत्री और हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल के नेतृत्व में रामगुलाम चौक से आक्रोश मार्च प्रारंभ हुआ। सभी कार्यकर्ता राजभवन जाना चाह रहे थे, लेकिन डाकबंगला चौराहे पर ही उन्हें रोक दिया गया। मार्च में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कई स्थानों पर महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।

मार्च में शामिल प्रदेश अध्यक्ष पटेल ने कहा कि हाल के दिनों में राज्य में जिस तरह से दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, उससे पूरी दुनिया में बिहार शर्मसार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हद तब हो गई, जब उच्च न्यायालय को संज्ञान लेना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की देख-रेख में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे शर्मनाक कोई दूसरी बात हो नहीं सकती है। उन्होंने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि आज छोटी बच्चियों से लेकर महिलाएं तक कोई भी बिहार में सुरक्षित नहीं है।

इसके बाद ‘हम’ का एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा, जहां राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा गया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी ‘हम’ कुछ दिन पूर्व ही राजग को छोड़कर महागठबंधन में शामिल हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493