बिहार : मिट्टी खरीद घोटाले में वन विभाग से जानकारी मांगी

पटना, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में कथित मिट्टी खरीद घोटाले के मामले में राज्य के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने वन एवं पर्यावरण विभाग से पूरी रिपोर्ट मांगी है। इधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से चुप्पी तोड़ने का अनुरोध किया।

सुशील मोदी द्वारा पर्यावरण एवं वन विभाग द्वारा बिना टेंडर (निविदा) निकाले पटना के चिड़ियाघर के सौंदर्यीकरण के नाम पर 90 लाख रुपये में मिट्टी खरीद लेने के आरोप के बाद राज्य के मुख्य सचिव अंजनी कुमार ने विभाग से इस मामले की पूरी रिपार्ट मांगी है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से पूरी टेंडर प्रक्रिया और इसके आवंटन के बारे में तत्काल जानकारी मांगी है।

इधर, मोदी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि लालू प्रसाद के इशारे पर कई अधिकारी इस मामले को दबाने में लगे हैं। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को याद दिलाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के चारा घोटाले में लालू प्रसाद का साथ देने वाले आधा दर्जन अधिकारियों को जेल जाना पड़ा था।

मोदी ने दावा करते हुए कहा कि इस मिट्टी की कीमत बिहार वन्यप्राणी संरक्षण कोष से चुकाई गई, जबकि 334.41 करोड़ रुपये से गठित संरक्षण कोष के ब्याज की राशि केवल वन्य प्राणियों के संरक्षण पर खर्च की जा सकती है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “कोष के अध्यक्ष के नाते मुख्य सचिव बताएं कि मिट्टी भराई से प्राणी संरक्षण का क्या वास्ता है? क्या इसके लिए उनसे अनुमति ली गई थी?”

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने पटना चिड़ियाघर के लिए जिस मास्टर प्लान और मास्टर ले-आउट को स्वीकृति दी, उसमें भी मिट्टी भराई के काम का कोई उल्लेख नहीं है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व उप मुख्यमंत्री मोदी ने चार अप्रैल को आरोप लगाया था कि पटना के सगुना में राजद अध्यक्ष के परिवार के बन रहे एक मॉल निर्माण स्थल की मिट्टी को पर्यावरण एवं वन विभाग ने बिना टेंडर (निविदा) निकाले पटना के चिड़ियाघर के सौंदर्यीकरण के नाम पर 90 लाख रुपये में खरीद लिया। इस घोटाले का पूरा लाभ लालू प्रसाद के परिवार को मिला।

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने हालांकि इन सारे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493