जमुई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के नक्सल प्रभावित जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है तथा घटनास्थल से कई हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस बल और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा नक्सालियों के खिलाफ चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के दौरान पैसराटांड के जंगली क्षेत्र के पास नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से गोलियां चलीं। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सली भाग गए। इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने घटनास्थल से जमुई जिले के उदयपुर निवासी और हार्डकोर नक्सली संजय मरांडी को गिरफ्तार किया है।
जमुई के पुलिस अधीक्षक जयंतकांत ने कहा कि घटनास्थल से पुलिस ने दो राइफल, एक पिस्तौल, 81 कारतूस तथा विस्फोटक पदार्थ बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान जारी है।
dharmpath.com dharmpath