बिहार में आग से झुलसकर 4 बच्चे सहित 7 लोगों की मौत (लीड-1)

गोपालगंज, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक झोपड़ीनुमा घर में आग लग जाने से सात लोगों की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है।

कुचायकोट के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बखरी गांव में एक ही परिवार के लोग खाना खाकर सो रहे थे कि तभी उनके झोपड़ीनुमा घर में आग लग गई। आग लगने से घटनास्थल पर ही सो रहे चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों में बकरीदन साह (37), हुस्न तारा खातून (35), सुफरीना (8), हसमुद्दीन मियां (23), सलाउद्दीन आलम (7), शमीमा खातून (8) तथा एक सात महीने का बच्चा शामिल है।

उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति घायल है, जिसे स्थानीय सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) भेज दिया गया है। घायल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

गोपालगंज के जिला अधिकारी अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने हालांकि कहा कि प्रथम दृष्टया आग लगने के कारण झोपड़ी के ऊपर से गुजरे बिजली तार के शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे, जो साथ में रहते थे। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493