पटना, 19 जून (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना तथा अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है तथा लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में किसी खास बदलाव की संभावना से इंकार किया है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए.के. सेन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनना शुरू हो गया है, इस कारण राज्य के ऊपर बादल छाना शुरू हो जाएगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस अधिक महसूस होगी। उन्होंने बताया कि 21 जून से राज्य में मानसून की बारिश होने की संभावना है।
पटना का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। भागलपुर का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री और गया का 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस, गया का 38.6 डिग्री तथा पूर्णिया का 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
dharmpath.com dharmpath