बिहार में ऑटो पलटने से 6 मरे

कटिहार, 16 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक ऑटो के पलटने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, जिले के रूपौली के रहने वाले सुबोध कुमार के परिवार के 10 लोग देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर से एक बच्चे का मुंडन संस्कार करवाकर ऑटो से लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर ग्वालटोली के पास चाल का ऑटो से नियंत्रण नहीं रहा और ऑटो सड़क किनारे मंदिर की दीवार से टकरा कर पलट गया।

कुर्सेला के थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि चार ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक ही परिवार की तीन महिला, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है।

घटना के बाद ऑटो चालक फरार है। कुर्सेला पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना का कारण ऑटो में क्षमता से अधिक यात्री बैठाना माना जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493